राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 14 से 16 अक्टूबर तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की संभावन

बीकानेर, जयपुर, भरतपुर सहित कई संभागों में मौसम बदलने के आसार, किसानों को फसल और कृषि जिंस सुरक्षित रखने की सलाह

राजस्थान। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 से 16 अक्टूबर के दौरान कई इलाकों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका है।

14 अक्टूबर की रात इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर, सीकर और झुंझुनूं सहित आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बीकानेर संभाग में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

15 अक्टूबर को जयपुर और भरतपुर संभाग में असर

15 अक्टूबर को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, जयपुर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।

16 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश संभव

पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में मौसम की स्थिति को देखते हुए आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पककर तैयार फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने, खुले में रखे अनाज और कृषि जिंसों को बारिश से बचाने तथा कृषि उपज मंडियों में रखे अनाज को तिरपाल से ढकने की समुचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

मौसम के अनुसार बनाएं कृषि कार्यों की योजना

संभावित आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को देखते हुए किसानों को मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने और उसी के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।

📍 स्रोत: मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर
🇮🇳 भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)

रिपोर्टर: ओमप्रकाश गोदारा

Share Now:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें